हैदराबाद। आंध्रप्रदेश के कुर्नूल जिले में शनिवार को एक देशी बम के फटने से राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी तेलुगू देशम पार्टी [टीडीपी] के एक नेता समेत आठ लोगों की मौत हो गई और अन्य तीन लोग घायल हो गए। अपने नेता की मौत से गुस्साए टीडीपी समर्थकों ने सार्वजनिक संपत्तियों को जबरदस्त नुकसान पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार टीडीपी के कद्दावर नेता कपत्राल्ला वेंकटप्पा नायडू अपने भाई शिवशंकर नायडू और कुछ अन्य लोगों के साथ टाटा सूमो गाड़ी से बोदननुरु गांव की ओर जा रहे थे तभी एक ट्रक की चपेट में सूमो गाड़ी आ गई। पुलिस के अनुसार टीडीपी नेता की गाड़ी में देशी बम थे, जिसके फटने से यह घटना घटी।
घटना में टीडीपी नेता के अलावा उनके भाई, दो सुरक्षाकर्मी, एक बैंक प्रबंधक, वाहन चालक और दो समर्थक मारे गए। घटना के बाद ट्रक चालक और उसका सहयोगी फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव है। समर्थकों का कहना है कि घटना में नायडू के विरोधियों का हाथ है। इलाके में लोगों ने सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया है।
गौरतलब है कि नायडू को इस क्षेत्र का बाहुबली नेता माना जाता था। उनके विरुद्ध कई आपराधिक मामले लंबित थे। स्थानीय नेता वी. पद्मा के साथ उनका लंबे समय से मतभेद चल रहे थे। पद्मा राज्य की कांग्रेस सरकार को समर्थन दे रहे है। इन दोनों नेताओं के बीच क्षेत्र में वर्चस्व स्थापित करने के लिए पिछले तीन दशकों से संघर्ष चल रहा था।