
नवादा। कहते हैं, बहू घर की लक्ष्मी होती है। हदसा गांव में यह बात उल्टी साबित हुई। यहां एक बहू को जिद थी कि उसका पति मां-बाप से अलग हो जाए। पति ने ऐसा नहीं किया तो उसने छह लोगों को खाने में जहर दे दिया, जिससे सास और दो देवरों की मौत हो गई है।
किरण देवी अपने पति टिंकू कुमार पर आए दिन मां-बाप से अलग होने के लिए दबाव डालती थी। इसको लेकर परिवार में अक्सर कलह मचा करता था। इसी बात को लेकर शनिवार की सुबह भी हाय-तौबा मचा। आरोप है कि गुस्साई किरण देवी ने खाने में जहर मिला दिया। जिससे सास अरुणा देवी, देवर निरंजन कुमार और निर्मल कुमार की मृत्यु हो गई। पति टिंकू कुमार, ससुर अमीरक महतो को सदर अस्पताल में दाखिल कराया गया है। तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
टिंकू ने पुलिस को बताया है कि किरण देवी ने अलग न होने पर पूरे परिवार को मार देने की धमकी दी थी। खास बात यह रही कि किरण देवी भी सदर अस्पताल पहुंची थी। उसका कहना था कि वह निर्दोष है। उसने खाने में कुछ भी नहीं मिलाया था।