
रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस ने राजधानी से लगे गांव में एक ट्रक से नौ टन विस्फोटक सामग्री बरामद किया है। इस मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
रायपुर शहर के पुलिस अधीक्षक लाल उम्मेद सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया कि रायपुर के आमानाका थाना के अंतर्गत नंदनवन के पास पुलिस ने एक ट्रक से चोरी की गई नौ टन जिलेटिन की छडे़ं बरामद की। उम्मेद सिंह ने बताया कि बुधवार को छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले से ट्रक समेत नौ टन विस्फोटक सामग्री चोरी हो गई थी। पुलिस प्रशासन ने बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री के चोरी होने की घटना को गंभीरता से लेते हुए सभी जिलों की पुलिस को सतर्क कर दिया था।
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर बाद पुलिस को नंदनवन के रास्ते में एक ट्रक के संदिग्ध हालत में खड़े होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया और ट्रक और विस्फोटक सामग्री को जब्त कर लिया। इस मामले में पुलिस ने उत्तम साहू नामक एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सोमवार को झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया में स्थित इंडियन एक्सप्लोसिव लिमिटेड से एक ट्रक में नौ टन विस्फोटक सामग्री महाराष्ट्र के भंडारा जिले के लिए रवाना किया गया था। ट्रक चालक जब ट्रक लेकर जांजगीर शहर पहुंचा और एक ढाबे के पास रुका तब क्लिनर विस्फोटक सामग्री समेत ट्रक लेकर फरार हो गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांजगीर जिले से भारी मात्रा में विस्फोटक चोरी होने और इस मामले में सतर्क रहने के आदेश के बाद नाकेबंदी की गई और ट्रक को बृहस्पतिवार को जब्त कर लिया गया। उम्मेद सिंह ने बताया कि पुलिस ने ट्रक में सवार उत्तम साहू से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं इस घटना में नक्सलियों के संबंध होने के बारे में भी जानकारी ली जा रही है। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भी राजधानी रायपुर की पुलिस ने ने आमानाका थाना क्षेत्र में एक मारुति वैन से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की थी।