
नई दिल्ली। देह व्यापार के बाजार की शहजादी के नाम से मशहूर सोनू पंजाबन समेत उसके गिरोह में शामिल पंद्रह सदस्यों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों में चार हाई प्रोफाइल कालगर्ल और दस दलाल शामिल हैं।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त हरगोविंद सिंह धालीवाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि देह व्यापार से जुड़ी सोनू पंजाबन व उसका गिरोह साकेत पीवीआर के समीप मौजूद है। इस पर पुलिस ने फर्जी ग्राहक बनाकर पीवीआर सिनेमा के समीप भेजा। वहां पीवीआर पार्किग में दो लड़कियां व तीन दलाल, जबकि पीवीआर के सामने दो लड़कियां व तीन दलाल थे। फर्जी ग्राहक बने पुलिसकर्मियों को सौदेबाजी के दौरान पता चला कि गिरोह संचालक सोनू पंजाबन चार अन्य युवकों के साथ सेंट्रो कार में बैठी है। इशारा मिलते ही पुलिस टीम ने सबको दबोच लिया। पुलिस ने कार भी जब्त कर ली है। ज्ञात हो कि सोनू पंजाबन का एक नाम गीता भी है। ठिकाना बदलने में माहिर सोनू आजकल नेब सराय इलाके से धंधा चला रही थी।
---------------
इनसेट
-----------
अपराधियों से रहा है गहरा नाता
नई दिल्ली : पुलिस मुठभेड़ में ढेर गैंगेस्टर हेमंत, विजय व दीपक से सोनू पंजाबन का गहरा नाता रहा है। इसके अलावा हरियाणा तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई बड़े गैंगेस्टरों के भी संपर्क में वह थी। आधुनिक जीवनशैली जीने की आदत पड़ने के कारण सोनू पंजाबन धीरे-धीरे देह व्यापार के धंधे में आ गई। सोनू के संबंधों का असर यह था कि छोटे-मोटे बदमाश तो उसके नाम से ही डरते थे। फर्राटेदार अंग्रेजी बोलने वाली सोनू पंजाबन अपने हाईप्रोफाइल ग्राहकों को सप्लाई करने के लिए माडल व हीरोइन बनने की इच्छुक लड़कियों को मोटा वेतन देती थी। सोनू के संपर्क में स्टेज शो करने वाली कई युवतियां भी थीं, जिनका प्रयोग वह फार्महाउस पर डांस कार्यक्रमों में करती थी। कई विदेशी युवतियां भी उसके नेटवर्क में शामिल थीं। वह ग्राहकों से युवतियों की कीमत पांच से पच्चीस हजार रुपये तक वसूलती थी। वह कई बार पकड़ी जा चुकी है, लेकिन अपने संबंधों के कारण जल्द ही बाहर भी आ जाती है।