
बुलंदशहर। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख बाबा रामरहीम का कहना है कि सत्य की सोच और मानसिक शांति से ही विश्व शांति कायम हो सकेगी। अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए उन्होंने कहा कि यह उनके दुश्मनों की साजिश है। वे न्याय में पूरा विश्वास करते हैं। न्यायपालिका सच को सामने ला देगी।
बाबा रामरहीम सोमवार को शीतलगंज में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संसार में शांति के लिए सत्य और असत्य के बीच अंतर जरूरी है। सत्य की सोच वाले लोगों को एकजुट होकर असत्य और गलत कार्यो का विरोध करना होगा। आज सभी के मन में अशांति है। ऐसे में विश्व शांति का सपना साकार नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि जब सोच में बदलाव होकर सद्गुणों का विकास होता है, तब वह सत्य व न्याय का रास्ता अपनाता है।
अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए उन्होंने कहा कि वह न्यायालय में पूरा विश्वास करते हैं। न्यायपालिका दूध का दूध और पानी का पानी सामने ला देगी। राजनीति से लगाव के बारे में पूछने पर बताया कि उनका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं रहा है।