
मुंबई। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना [मनसे] के उपाध्यक्ष हाजी अराफात शेख और उनके भाई इमरान शेख को शुक्रवार को पुलिस ने दंगा व डकैती के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक कुर्ला के एक व्यापारी ने मनसे नेता और उनके भाई के खिलाफ दंगा, मारपीट व डकैती का मामला दर्ज कराया है।
पुलिस ने बताया कि मनसे उपाध्यक्ष अराफात शेख और उनके भाई इमरान ने गत 10 जून को अपने समर्थकों के साथ हसन मुहम्मद नुरुल की दुकान पर जाकर उसके साथ मारपीट की। दुकान से जाते वक्त वे लोग वहां से 3.75 लाख रुपया भी लूट ले गए। पुलिस के अनुसार मनसे नेता ने हसन को एक बिल्डर के खिलाफ दायर मामला वापस लेने की धमकी दी थी। ऐसा नहीं करने पर उन्होंने अपने समर्थकों के साथ हसन की दुकान पर हमला बोल दिया और मारपीट की।