
इंफाल। मणिपुर के पूर्वी इंफाल जिले में असम राइफल के जवानों ने एक मुठभेड़ में सात संदिग्ध उग्रवादियों को मार गिराया।
पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार रात करीब साढे़ ग्यारह बजे आंद्रो इलाके की है, जब सुरक्षा बल के जवान गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उग्रवादियों ने उनके ऊपर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने सात संदिग्ध उग्रवादियों को ढे़र कर दिया।
उनके पास से कई हथियार मिले हैं, जिसमें दो एके-47 राइफल, तीन नौ एमएम की राइफल, दो ग्रेनेड और कई राउण्ड गोलियां शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि मारे गए उग्रवादियों में से चार सेना की वर्दी पहने हुए थे, जबकि अन्य सादे कपड़ों में थे।
पुलिस ने बताया कि उग्रवादियों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए रिजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस एण्ड हॉस्पीटल भेजा गया है। हालांकि कुछ स्थानीय लोगों का आरोप है कि मारे गए संदिग्ध उग्रवादियों में से कुछ को उनके घर से ले जाया गया था। इन आरोपों पर बातचीत करने के लिए कोई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद नहीं था।