
पणजी। मडगांव विस्फोट मामले में महाराष्ट्र के बारामती जिले से हिरासत में लिए गए तीन आरोपियों को गोवा लाया गया है। पुलिस ने रविवार को इसकी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि बारामती ग्रामीण पुलिस थाना क्षेत्र से उन्हें हिरासत में लिया गया और शनिवार रात उन्हें गोवा पुलिस के दल को सौंप दिया गया। बारामती के पुलिस सूत्रों ने पुष्टि की है कि उन्हें गोवा पुलिस की ओर से हिरासत में लिया गया है। गिरफ्तार नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि दिवाली की पूर्व संध्या पर हुए विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई थी। राज्य में भय का वातावरण उत्पन्न करने के लिए साजिश रचने के आरोप में गोवा पुलिस ने सनातन संस्था के दो सदस्यों को शनिवार को गिरफ्तार किया था।
पुलिस अधीक्षक और गोवा पुलिस के प्रवक्ता आत्माराम देशपांडे ने कहा कि शनिवार की दो गिरफ्तारियों के अलावा किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। बहरहाल, बारामती से तीन लोगों को हिरासत में लिए जाने के संबंध में उन्होंने टिप्पणी से इनकार किया।
विभाग के सूत्रों ने पुष्टि की कि बारामती से हिरासत में लिए गए दो लोगों के नाम से दर्ज मोबाइल सिम कार्ड मडगांव विस्फोट के कुछ आरोपियों ने उपयोग में लाए थे।