
इंफाल। मणिपुर के पूर्वी इंफाल जिले में असम राइफल्स के जवानों की गोलियों से सात लोग मारे गए हैं। सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि ये सभी संदिग्ध आतंकी थे और इन्होंने जवानों पर हमला किया था। जवाबी कार्रवाई में मारे गए। पर स्थानीय लोगों का कहना है कि सुरक्षाकर्मियों ने इन्हें इनके घरों से उठाया था।
पुलिस ने रविवार को बताया कि शनिवार की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे आंद्रो इलाके में जवान गश्त लगा रहे थे। इसी दौरान संदिग्ध आतंकियों ने उन पर हमला बोल दिया। इसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में सात संदिग्ध आतंकी मारे गए।
घटनास्थल से पुलिस को कई हथियार मिले हैं। इनमें दो एके-47 राइफल, तीन नौ एमएम की राइफल, दो ग्रेनेड और कारतूस शामिल हैं। मारे गए आतंकियों में से चार सेना की वर्दी में थे।
स्थानीय लोगों का बयान पुलिस के उलट है। उनका आरोप है कि जिन्हें पुलिस मुठभेड़ में मारे गए आतंकी बता रही है, उन्हें वह उनके घर से उठा कर ले गई थी।