
मिदनापुर। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के शनिवार को मिदनापुर दौरे से महज कुछ घंटे पहले जिले के कुसबानी जंगल में माओवादियों ने तीन युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि यहां से करीब 70 किलोमीटर दूर कुसबानी जंगल में एक सड़क किनारे से तीन युवकों का शव पाया गया। उन्होंने बताया कि ये शव गोलियों से छलनी थे और उनके हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि इनकी पहचान लख्खी दास, जयराम मांडी और मनोरंजन के रूप में की गई है।
उन्होंने बताया कि माओवादियों ने शव के पास एक पर्ची छोड़ दिया था जिस पर इन तीनों को पुलिस का मुखबिर और माकपा कार्यकर्ता होने के कारण ये सजा देने की बात कही गई है।
सूत्रों ने बताया कि सड़क पर पेड़ गिराकर झारग्राम शहर के रास्ते को नाकेबंदी कर दी गई।
मुख्यमंत्री भट्टाचार्य का आज शाम साढ़े पांच बजे मिदनापुर पहुंचने का कार्यक्रम है। इस दौरान मुख्यमंत्री पश्चिम मिदनापुर, बांकुरा और पुरुलिया जिले के पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी के साथ कानून व्यवस्था के अलावा कल्याणकारी कार्यक्रमों पर विचार विमर्श करेंगे।
मुख्यमंत्री भट्टाचार्य के प्रस्तावित मिदनापुर दौरे के मद्देनजर जिले में केंद्रीय अर्द्ध सैन्य बल के करीब छह सौ जवानों और राज्य पुलिस के करीब 4000 कर्मियों को तैनात किया गया है।