बेंगलूर। पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येद्दयुरप्पा के भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों के चलते पहले से ही कठघरे में खड़ी कर्नाटक की भाजपा सरकार को उसके दो मंत्रियों ने अपनी हरकतों से शर्मसार कर दिया है। राज्य विधान सभा की कार्यवाही के दौरान सदानंद गौड़ा सरकार के दो मंत्रियों को मोबाइल फोन पर अश्लील फिल्म देखते हुए पाया गया। उनकी इस हरकत को विधान सभा की कार्यवाही का कवरेज कर रहे एक क्षेत्रीय समाचार चैनल ने अपने कैमरे में कैद कर सार्वजनिक कर दिया। देश के संसदीय इतिहास में संभवत: यह अपनी तरह की पहली घटना है। इस घटना से हतप्रभ भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने दोनों मंत्रियों का इस्तीफा मांगा है। जबकि विपक्षी दलों ने दोनों मंत्रियों को बर्खास्त करने और विधान सभा से उनकी सदस्यता रद करने की मांग की है।
अपने मंत्रियों की इस शर्मनाक हरकत से खुद को अनजान बताते हुए मुख्यमंत्री डीएस सदानंद गौड़ा ने मंगलवार को चिकमगलूर में कहा कि अगर मंत्री दोषी पाए जाते हैं तो विधान सभा अध्यक्ष को उनके खिलाफ कारवाई करनी चाहिए। गौड़ा ने कहा कि वह पूरी घटना से अनभिज्ञ हैं और अभी तक इससे संबंधित टीवी चैनल के फुटेज को नहीं देखा है।
विधान सभा में उस वक्त बीजापुर जिले में इस साल के पहले दिन पाकिस्तानी झंडा फहराए जाने के मुद्दे पर बहस चल रही थी। लेकिन इस दौरान सहकारिता मंत्री लक्ष्मण सावदी व महिला और बाल विकास मंत्री सीसी पाटिल मोबाइल फोन पर अश्लील फिल्म देखने में मशगूल थे। उनकी यह करतूत सदन की कार्यवाही का कवरेज कर रहे एक क्षेत्रीय समाचार चैनल के कैमरे में कैद होकर सार्वजनिक हो गई। विधान सभा की बैठक स्थगित होने के बाद कई अन्य चैनलों ने भी इसका फुटेज प्रसारित किया। विधान सभा अध्यक्ष केजी बोपैया ने कहा कि वह इस मामले पर गौर करेंगे। कानून अपना काम करेगा।
नहीं दूंगा इस्तीफा: सावदी
बेंगलूर। विधान सभा की कार्यवाही के दौरान मोबाइल फोन पर अश्लील फिल्म देखते पाए गए कर्नाटक के सहकारिता मंत्री ने मंगलवार देर रात को कहा कि इस घटना के चलते वह इस्तीफा नहीं देंगे। यह सवाल उनके जेहन में भी नहीं है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए सावदी ने अश्लील फिल्म देखने की बात कुबूल कर ली। उन्होंने कहा, 'हां, मैंने उक्त फिल्म देखी। लेकिन मैंने कोई अपराध नहीं किया है। वह मेरा मोबाइल फोन भी नहीं था। केवल देखने मात्र भर से मैं अपराधी नहीं हो जाता।'
सहकारिता मंत्री के अनुसार, यह एक ब्लू फिल्म की तरह थी। उक्त वीडियो क्लीपिंग खेल मंत्री कृष्णा पालेमर के मोबाइल फोन पर थी। इसमें महिलाएं डांस कर रही थीं और चार पुरुषों द्वारा बलात्कार का दृश्य था। बकौल सावदी, 'पालेमर ने उन्हें बताया कि ऐसा विदेश में रेव पार्टियों में होता है।' अपने बचाव में उन्होंने कहा, 'जब हम यह क्लिीपिंग देख रहे थे, उस समय सदन में माल्पे रेव पार्टी पर चर्चा चल रही थी। इसी कारण से मैंने उक्त अश्लील क्लिीपिंग को देखा।'
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर