हर फिल्म की रिलीज के पहले मैं घबरायी होती हूं

मुंबई। [अजय ब्रह्मात्मज] उनके चेहरे पर देर रात में सुबह की ताजगी थी। लंबी उड़ान की कोई थकान भी नहीं दिख रही थी। काले सूट और गहरे गुलाबी शर्ट में छरहरी माधुरी दीक्षित हमेशा की तरह मोहक मुस्कान में आकर्षक दिख रही थीं। मानो उम्र भी उन्हें छूने में शरमा गई हो। अपनी दूसरी पारी की पहली फिल्म 'आजा नचले' के प्रमोशन के लिए अमेरिका से विशेष तौर पर आयीं माधुरी ने माना कि फिल्म को लेकर उनके मन में घबराहट है और ऐसा हर नयी फिल्म की रिलीज के मौके पर होता है। माधुरी ये बताते हुए अपनी खुशी छुपा नहीं पातीं कि उनके बच्चे किस तरह 'आजा नचले' के प्रोमो देखते ही मगन हो नाचने लगते हैं। वो बच्चों की इस खुशी में फिल्म का सफल भविष्य देखती हैं। माधुरी बताती हैं कि फिल्म की रिलीज के वक्त पति श्रीराम नेने और बेटे भी आयेंगे।

'जागरण' से खास बातचीत में उन्होंने कहा कि 'आजा नचले अपने कंटेंट और मैसेज के कारण अच्छी लगी। फिल्म में डांस का भी अच्छा स्कोप था। मैं चाहती यही थी कि ऐसी फिल्म से वापसी हो, जिससे दर्शक खुश हों और मेरी इमेज के अनुरूप भी हो।' आजा नचले डांसर दीया की कहानी है, जो विदेश से अपने गुरु मकरंद की संस्था अजंता थियेटर को बचाने के लिए गांव लौटती है। फिल्म इंडस्ट्री मे खबर फैली हुई है कि 'आजा नचले' से माधुरी असंतुष्ट हैं? इस पर वो स्पष्ट करती हैं कि 'मैंने पूरी फिल्म अभी तक देखी ही नहीं है। मुझे तो इसके प्रोमो बहुत अच्छे लगे। मेरे बेटे तो प्रोमो देखकर झूमने और नाचने लगते हैं। उन्हें 'आजा नचले' गीत अच्छा लगता है, लेकिन मेरा फेवरिट गाना तो 'इश्क हुआ' है।' पांच साल बाद फिल्म की रिलीज को लेकर कोई घबराहट? अपनी मशहूर मुस्कान के साथ माधुरी ने बताया, 'यकीन करें, हर फिल्म की रिलीज के पहले मैं घबरायी होती हूं। मालूम नहीं दर्शक कैसे रियेक्ट करें? दर्शकों का रियेक्शन ही पहली चिंता होती है। बतौर एक्टर मेरा अपना रियेक्शन सेकेंडरी है। हमारा काम दर्शक पसंद कर लें तो वही सबसे बड़ा रिवार्ड और अवार्ड है।'

इसी एयरपोर्ट पर आज से लगभग बीस साल पहले माधुरी को शोहरत का एहसास हुआ था जब कई लोग उन्हें मोहिनी-मोहिनी कह कर पुकार रहे थे। शोहरत के बीस साल के सफर के बारे में माधुरी कहती हैं 'एयरपोर्ट पर उतरते ही पता चल जाता है। लोगों के रियेक्शन से मालूम हो जाता है कि वो अभी तक हमें भूले नहीं हैं। एक आर्टिस्ट के लिए इससे अधिक संतोष की बात क्या हो सकती है?' माधुरी 'आजा नचले' की रिलीज तक भारत में रहेंगी। संभावना है कि इस दरम्यान वह नयी फिल्म भी साइन करेंगी। भविष्य की योजनाओं के बारे में उन्होंने कहा, 'मनपसंद फिल्में करती रहूंगी। अमेरिका में परिवार है और यहां कैरिअर। परिवार मेरी प्राथमिकता है और कैरिअर पूरी तरह से दर्शकों के प्यार पर निर्भर करता है। जब तक ये प्यार बना रहेगा, मैं परिवार और कैरिअर में संतुलन बिठाने की कोशिश करती रहूंगी।' दैनिक जागरण के पाठकों के लिए कोई संदेश? माधुरी ने मुस्करा कर कहा, 'आजा नचले नच ले मेरे यार तू नच ले।'




लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(85) वोट का औसत

average:4.529414
Saving...
    शीर्षकों को अपने "मेरा याहू " पृष्ट पर शामिल करें
  • राजनीति
    Add to My Yahoo! xml
  • अपराध
    Add to My Yahoo! xml
  • दुर्घटना
    Add to My Yahoo! xml
  • आतंकवाद
    Add to My Yahoo! xml
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2010 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित