समाचार

बालाजी कैंप में तुलसी की वापसी

Apr 03, 07:52 pm
  Print

मुंबई। यह तुलसी के प्रशंसकों के लिए खुश होने का मौका है। तुलसी के नाम से प्रसिद्ध छोटे पर्दे की लोकप्रिय बहू स्मृति ईरानी लगभग एक वर्ष के अंतराल के बाद एक बार फिर बालाजी कैंप में आ रही हैं। वह क्योंकि सास भी कभी बहू थी धारावाहिक में तुलसी के किरदार में दिखेंगी।

बालाजी टेलीफिल्म्स की क्रिएटिव डायरेक्टर एकता कपूर और स्टार प्लस की वरिष्ठ क्रिएटिव डायरेक्टर अनुपमा मांडलोई ने बुधवार रात संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में इस आशय की घोषणा की। एकता कपूर ने कहा कि स्मृति क्योंकि सास भी कभी बहू थी में वापस लौट रही हैं। वह विरानी परिवार का अभिन्न हिस्सा बनेंगी। अनुपमा ने कहा कि स्मृति के साथ हमारा लंबे समय से संबंध रहा है। उनकी इस धारावाहिक में वापसी से हम रोमांचित हैं। उन्होंने तुलसी के किरदार को एक अलग आयाम प्रदान किया है।

स्मृति के साथ मतभेदों का जिक्र करते हुए एकता ने कहा कि स्मृति के तुलसी की भूमिका में वापस लौटने से काफी खुशी हो रही है। स्मृति में दर्शकों के जबर्दस्त विश्वास के कारण ही यह धारावाहिक लगातार अग्रणी स्थान पर रहा है। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि स्मृति और मुझे एक बार फिर क्योंकि सास भी कभी बहू थी में मिलकर काम करने का मौका मिल रहा है। यह धारावाहिक हमारे दिल के काफी करीब है। अपनी वापसी पर स्मृति ईरानी ने कहा कि क्योंकि सास भी कभी बहू थी का उनके जीवन में बहुत महत्वपूर्ण स्थान है। यहीं से मैंने एक अभिनेत्री के रूप में अहम यात्रा शुरू की थी। थोड़े अंतराल के बाद अब दोबारा इससे जुड़ने से हमें बेहद खुशी हो रही है। मेरी वापसी के पीछे तुलसी के हजारों प्रशंसक मुख्य कारण रहे हैं।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति