बिस्मार्क [अमेरिका]। दुनिया भर में ईधन की बढ़ी कीमतों का असर अमेरिका पर भी पड़ा है और यहां लोगों ने अपनी पुरानी साइकिलों की धूल झाड़ना शुरू कर दिया है तो कुछ ने नई साइकिलें खरीद ली हैं।
साइकिलों के डीलर बैरी डल कहते हैं कि दुकान में आने वाला हर व्यक्ति गैस की बढ़ी कीमतों की बात करता है। उन्होंने बिस्मार्क में अप्रैल में बैरीज बाइक नाम से साइकिल की दुकान खोली है। पहले ही महीने में उन्होंने 50 से अधिक साइकिलें बेचीं, जो उनके अनुमान से दोगुना है।
वर्जीनिया के हार्नडोन की अध्यापिका जायस मैकस्कर ने सालों में पहली बार साइकिल खरीदी है। उसने पिछले माह यह साइकिल खरीदी और वह इसका इस्तेमाल घर से स्कूल के बीच करती हैं जो 13 किलोमीटर दूर है। वह कहती हैं कि मैं अभी भी जीवाश्म ईधन इस्तेमाल कर रही हूं। मेरा मकसद दो साल में पूरे साल भर साइकिल से ही स्कूल जाने का है।
कैलिफोर्निया के कोस्टा मेसा के नेशनल बाइसिकल डीलर्स एसोसिएशन के कार्यकारी निदेशक फ्रेड क्लीमेंट्स ने बताया कि पिछले कुछ सालों में अमेरिका में हर साल करीब दस लाख 80 हजार साइकिलें बेची जाती हैं, जिनका मूल्य करीब छह अरब डालर बैठता है।
उन्होंने बताया कि पूरे देश में इस वर्ष साइकिल की दुकानों पर अच्छी बिक्री होने की खबर है तथा बहुत से लोग सालों से बेकार पड़ी अपनी बाइकें ला रहे हैं।
वाशिंगटन डीसी स्थित लीग आफ अमेरिकन बाइसिकलिस्ट के प्रवक्ता बिल नेस्पर ने बताया कि लोग अब साइकिलों का अधिक इस्तेमाल कर रहे हैं तथा इसके लिए गैस की बढ़ी कीमतों के अलावा कुछ और कारण भी जिम्मेदार हैं।
लीग आफ अमेरिकन बाइसिकलिस्ट इस सप्ताह बाइक टू वर्क वीक तथा 16 मई को बाइक टू वर्क डे मनाने जा रहा है।