नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह शुक्रवार से शुरू हो रही अपनी दो दिवसीय भूटान यात्रा के दौरान वहां की पहली निर्वाचित संसद को संबोधित करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री भारत के सहयोग से बनी 1020 मेगावाट क्षमता वाली ताला पन बिजली परियोजना पड़ोसी देश की जनता को समर्पित करेंगे।
भारत के किसी प्रधानमंत्री की हिमालयी देश की पहली यात्रा की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर सिंह पड़ोसी देश जा रहे हैं। प्रधानमंत्री के रूप में सबसे पहले जवाहरलाल नेहरू ने 1958 में भूटान की यात्रा करके दोनों देश के बीच नजदीकी संबंधों की नींव रखी थी। मनमोहन सिंह वहां के प्रधानमंत्री से द्विपक्षीय हितों के कई मुद्दों पर व्यापक चर्चा करेंगे। इसमें भूटान के विकास कार्यक्रमों में भारत का सहयोग शामिल है।