नई दिल्ली। भारी भूकंप से हुई तबाही से जूझ रहे चीन को भारत ने आर्थिक मदद देने का फैसला किया है। भूकंप प्रभावित लोगों के लिए चल रहे राहत कार्य के लिए पड़ोसी देश को सरकार ने 50 लाख अमेरिकी डालर की आर्थिक सहायता देने का निर्णय किया है।
जानकारी के अनुसार भारत यह राशि राहत सामग्री और दवाओं के लिए चीन भेज रहा है। विदेश मंत्रालय के आला अधिकारियों का मानना है कि इस कदम से पड़ोसी देश चीन के साथ भारत के रिश्ते और मजबूत होंगे। गौरतलब है कि चीनी सरकार को राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी पहले ही अपने सहानुभूति संदेश भेज चुके हैं। भूकंप की त्रासदी के शिकार हजारों लोगों के परिजनों के लिए शोक संदेश भेजते हुए इन नेताओं ने राहत कार्य में चीन का हाथ बंटाने का भी वादा किया था। प्रणब ने चीन के विदेश मंत्री यांग जिएची को पत्र लिखकर भरोसा दिया था कि बीजिंग की जरूरत के मुताबिक भारत राहत सहायता मुहैया कराने को तैयार है।