समाचार

नींद से जागी वसुंधरा बनाएंगी एसटीएफ

May 16, 02:33 am
  Print

जयपुर [राजकिशोर]। पहले अजमेर शरीफ और अब जयपुर में आतंकी कहर बरपने के बाद राजस्थान सरकार जैसे नींद से जागी है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अब राज्य में आतंकवाद से लड़ने का तंत्र बनाने का ऐलान किया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश और पंजाब की तर्ज पर आतंकवाद से लड़ने के लिए विशेष कार्य बल (एसटीएफ) जल्द ही गठित किया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जयपुर में आतंकी धमाकों का राज खोलने और उन्हे रोकने की जिम्मेदारी केंद्र पर डाल एक तरह से खुद हाथ खड़े कर लिए है। इतना ही नहीं, धमाकों से पहले का साइकिल में विस्फोटक वाला ईमेल भेजे जाने को उन्होंने गुमराह करने वाला बताया।

गुरुवार को मुख्यमंत्री ने विशेष संवाददाता सम्मेलन बुलाकर इस पूरे हादसे की जिम्मेदारी केंद्र पर डालकर अपना पल्ला झाड़ने की कोशिश की। वसुंधरा ने कहा, 'यह चोरी, डकैती या स्मगलिंग का मामला नहीं है। आतंकवाद का अंतरराष्ट्रीय जाल है और इसमें दीवारों के पीछे दीवारें है। सबको गिराकर आखिरी व्यक्ति यानी मास्टर माइंड तक पहुंचना किसी राज्य सरकार के लिए संभव नहीं है।' मुख्यमंत्री ने जयपुर या अजमेर शरीफ जैसी घटनाओं के लिए केंद्र सरकार के रवैये को जिम्मेदार ठहराते हुए फिर कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पोटा जैसा कानून निरस्त करने और संसद पर हमला करने में फांसी पाए अफजल जैसे लोगों को सजा न मिलने से ऐसे तत्वों का हौसला बढ़ा हुआ है।

इसके साथ ही उन्होंने देश में बढ़ते आतंकवाद के खतरे के मद्देनजर गिरीश सक्सेना कमेटी की रिपोर्ट भी याद दिलाई। वसुंधरा ने कहा कि सात साल बाद भी उस कमेटी की सिफारिशों पर अमल नहीं हुआ। देश में केंद्रीय खुफिया विभाग के तीन हजार कर्मचारी थे, कमेटी ने इतने ही और पद सृजित करने को कहा था जो नहीं हो सका। इसी तरह उन्होंने पूरे देश में सभी राज्यों और केंद्र के साथ सुगठित तंत्र बनाने की सिफारिश की थी। वसुंधरा ने प्रधानमंत्री से सभी मुख्यमंत्रियों के साथ मिलकर इस दिशा में कुछ ठोस करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री के तेवरों से साफ था कि आंतरिक सुरक्षा को मुद्दा बनाने वाली भाजपा का आलाकमान उन पर इस दिशा में कुछ ठोस करने का दबाव बनाए है। साथ ही आतंकवाद को राष्ट्रीय मुद्दा बताते हुए उन्होंने एक तरह से इस पूरे प्रकरण के लिए केंद्र के सिर ठीकरा फोड़ दिया और उसकी कमजोरियां भी गिना दी। जांच में प्रगति की जानकारी देने से उन्होंने इनकार कर दिया और कहा कि इससे आतंकी सतर्क हो सकते हैं। बस इतना ही बताया कि राजस्थान पुलिस और आईबी भी मिलकर तफ्तीश कर रहे है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि एसटीएफ बनाने के लिए उत्तर प्रदेश, पंजाब व आंध्र प्रदेश के माडल का अध्ययन किया जा रहा है। तीनों राज्यों के माडल का आकलन करने के बाद ही कोई फैसला होगा। वसुंधरा ने ईमेल को गुमराह करने वाला बताया। अपनी बात के समर्थन में उन्होंने तर्क किया कि जो साइकिल ईमेल में दिखाई गई है, उसमें जिस हाल में झोला रखा है, अगर वह फटता तो पूरी साइकिल ही उड़ जाती। इसलिए यह गुमराह करने का प्रयास भी हो सकता है।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति