
मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री आरआर पाटिल ने कहा कि विदेशी क्रिकेटरों को पूरी सुरक्षा दी जाएगी। उन्होंने आईपीएल में खेल रहे पाकिस्तानी खिलाड़ियों का विरोध करने वाली शिव सेना की आलोचना की और कहा कि यदि विदेशी खिलाडि़यों का विरोध किया जाता है तो क्रिकेटरों की सुरक्षा की सारी जिम्मेदारी राज्य सरकार की है।
पाटिल ने कहा कि खेलों का राजनीति से मिश्रण नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिव सेना के पास कोई और मुद्दा नहीं बचा है इसलिए वे पाकिस्तानी खिलाडि़यों के आईपीएल में खेलने का विरोध कर रहे हैं। पाकिस्तानी क्रिकेटरों को लेकर यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब शिवसेना के कार्यकारी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने कहा कि पाकिस्तानी पूरे देश के दुश्मन हैं और हम उनके भारत में खेलने पर पिछले कई साल से विरोध करते चले आ रहे हैं।
बालीवुड सुपर स्टार शाहरुख खान की आईपीएल टीम में शोएब अख्तर, सलमान बट व उमर गुल जैसे पाकिस्तानी खिलाड़ी हैं। शिव सेना पिछले 20 सालों से पाक टीम का भारत में खेलने का विरोध कर रहा है और इसके लिए वे वानखेडे़ स्टेडियम पर भारत व पाक मैच के लिए तैयार पिच को खोदने जैसी रणनीति भी अपना चुके हैं।