अहमदाबाद। गुजरात पुलिस की अपराध जांच शाखा (सीआईडी) ने बुधवार को धार्मिक गुरु आसाराम बापू के अहमदाबाद स्थित आश्रम पर छापा मारा। यह छापा आसाराम बापू के पुत्र नारायण साई की तलाश में मारा गया। अदालत ने आसाराम बापू ट्रस्ट द्वारा संचालित स्कूल में दो बच्चों की मौत के मामले में नारायण को समन भेज कर उन्हें पूछताछ के लिए सीआईडी के समक्ष पेश होने को कहा था।
नारायण के ऐसा नहीं करने पर सीआईडी के 20 सदस्यीय दल ने बुधवार को आश्रम पर छापा मारा। आसाराम बापू के छिंदवाड़ा स्थित आश्रम को वाणिज्य कर विभाग ने बिना कर चुकाए आयुर्वेदिक दवाएं, साहित्य और पूजन सामग्री बेचने के मामले में आश्रम प्रबंधन को नोटिस थमा दिया है। वाणिज्य कर विभाग के संभागायुक्त डा. एमएस चौहान ने बताया कि विभाग द्वारा वैट अधिनियम के तहत परासिया रोड स्थित आश्रम के सेल्स डिपो को नोटिस जारी करते हुए उन्हें आगामी 28 अगस्त तक इस डिपो की स्थापना के बाद से अभी तक की गई खरीदी बिक्री की सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।