नई दिल्ली। संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री टी आर बालू 28 अगस्त को कंप्यूटर साक्षरता उत्कृष्टता पुरस्कार जीतने वाले 55 विद्यालयों को पुरस्कार प्रदान करेंगे।
केंद्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार केंद्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री टी आर बालू 28 अगस्त को कंप्यूटर साक्षरता उत्कृष्टता पुरस्कार जीतने वाले 55 विद्यालयों को पुरस्कार प्रदान करेंगे। इसमें 30 सरकारी और 25 निजी विद्यालय शामिल हैं।
मंत्रालय विद्यालय जाने के प्रारंभिक चरण में छात्रों में कंप्यूटर साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए स्कूलों को राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर हर साल पुरस्कार प्रदान करता है। हर विद्यालय को एक ट्राफी और डेढ़ लाख रुपये नकद दिए जाएंगे। इन 55 विद्यालयों में से तीन सरकारी और तीन निजी विद्यालयों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
इन राष्ट्रीय पुरस्कारों के तहत सात लाख पांच लाख और तीन लाख रुपये नकद प्रदान किए जाएंगे। अखिल भारतीय विजेता और राष्ट्रीय पुरस्कार पाने वाले स्कूलों के नामों की घोषणा आजकल में ही की जा सकती है।