नई दिल्ली। भारत में अमेरिका के राजदूत डेविड सी मल्फोर्ड ने बिहार में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए प्रधानमं त्री राष्ट्रीय राहत कोष और कैथोलिक राहत सेवा के लिए अमेरिका की ओर 40 लाख रुपये देने की घोषणा की है।
अमेरिकी जनता की ओर से मल्फोर्ड ने आपदा में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने आवश्यकता के अनुरूप और अधिक सहायता प्रदान करने के लिए अपनी सरकार की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा कि इस समय बिहार को मदद की अतिआवश्यकता है। इस काम में हर किसी को बढ़-चढ़कर आगे आना चाहिए।
इस बीच ब्रिटेन ने भी बाढ़ राहत कार्यो के लिए डेढ़ लाख पौंड [करीब एक करोड़ 27 लाख रुपये] देने की घोषणा की है। ब्रिटिश उच्चायोग के अनुसार इस धनराशि से 20 राहत शिविरों में स्वच्छ पेयजल, आश्रय और सफाई व्यवस्था मुहैया कराई जाएगी।