समाचार

दहेज के लिए दामाद को जलाया

Sep 06, 08:20 pm
  Print

शिवपुरी [मध्य प्रदेश]। दहेज के लिए बहुओं को जलाने की घटनाएं तो सामने आती रहती हैं, लेकिन मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में 'दहेज' के लिए दामाद को जिंदा जलाने का अजीबोगरीब मामला प्रकाश में आया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि गंभीर रूप से झुलसे मेहरबान जाटव [23] को यहां जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसने अस्पताल में पुलिस को घटना के संबंध में बयान दिए। घटना के आरोपी फरार बताये गए हैं। पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति के बयानों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

सूत्रों के मुताबिक जिले के कोलारस निवासी मेहरबान जाटव का विवाह चार वर्ष पहले पास ही के लुकवासा गांव में हुआ। शादी के बाद से ही लड़की पक्ष के लोग मेहरबान से कुछ न कुछ सामान या नकद राशि मांगते थे। वह ये मांगें पूरी भी करता रहता था।

सूत्रों ने पीड़ित के बयान के हवाले से बताया कि गुरुवार को वह पत्नी को लेने ससुराल गया था। उससे ससुर भरोसा ने दो हजार रुपये की मांग की। यह राशि देने से इंकार करने पर भरोसा ने अपने आधा दर्जन साथियों के साथ मिट्टी का तेल डाल कर दामाद को जिंदा जला दिया।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति