अंबाला। डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के काफिले पर फरवरी में हुए हमले के मुख्य अभियुक्त बख्शीश सिंह के एक साथी को गिरफ्तार किया गया है।
अंबाला के पुलिस महानिरीक्षक के एस सिंधु ने रविवार को कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर हमने यमुनानगर के नजदीक हथिनीकुंड बांध से धर्मेद्र उर्फ पिंडा को कल देर रात गिरफ्तार कर लिया। धर्मेद्र को यहां अदालत में पेश किया गया जहां से 15 सितंबर तक के लिए उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारी ने कहा कि हम उससे लंबी पूछताछ करेंगे और बख्शीश के ठिकाने के बारे में भी पता लगाने की कोशिश करेंगे। अंबाला की एक अदालत में सुनवाई के बाद लौट रहे डेरा प्रमुख के काफिले पर हमले के बाद से ही बख्शीश सिंह गायब है।
करनाल जिले के मूनक माजरा गांव के पास हुए हमले में डेरा प्रमुख को कोई नुकसान नहीं हुआ था। सिंधु ने कहा कि धर्मेद्र उत्तार प्रदेश के लखीमपुर खीरी के गंगानगर गांव का रहने वाला है।