समाचार

बाढ़ से निपटने में अतिथि भूमिका में नहीं हूं

Sep 07, 11:07 pm
  Print

नई दिल्ली। फिल्म अभिनेता और नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने बिहार में आई बाढ़ से निपटने के मामले में खुद पर लग रहे आरोपों का फिल्मी अंदाज में जवाब दिया है। उन्होंने कहा है कि वह इस आपदा से निपटने में अतिथि भूमिका में नहीं, बल्कि पूर्ण भूमिका में हैं।

शत्रु पर आरोप लग रहा था कि वह मुसीबत की इस घड़ी में लोगों के बीच नहीं रहे। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि वह राहत जुटाने में लगे थे। उनका विश्वास मीडिया के जरिए फोकस में बने रहने में नहीं, बल्कि काम करने में है।

बिहार से दो बार राज्यसभा सांसद रहे सिन्हा ने कहा कि उन्होंने अपने मित्रों और मुंबई, दिल्ली व अन्य स्थानों पर रहने वाले मददगारों से करीब 15 लाख रुपये जुटाए हैं और इसे वह बाढ़ पीडि़तों के राहत और पुनर्वास के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सौंपेंगे। उन्होंने रविवार को अपने दिल्ली स्थित निवास से राहत सामग्री से भरे दो ट्रक बिहार के लिए रवाना कराए।

इस बीच, शाटगन के नाम से मशहूर सिन्हा ने एक सियासी पैंतरा भी चल दिया। एक टीवी चैनल के मुताबिक सिन्हा ने कहा कि केंद्र सरकार ने बिहार के बाढ़ पीड़ितों के लिए जो आर्थिक सहायता व राहत सामग्री बिहार सरकार को मुहैया कराई है, उसमें लालू यादव ने अहम भूमिका निभाई है।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति