
नई दिल्ली। देश भर के चिडि़याघरों को जल्दी ही धूम्रपान निषिद्ध क्षेत्र घोषित कर दिया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषेध की स्वास्थ्य मंत्रालय की अधिसूचना के आलोक में यह कार्रवाई होगी।
केंद्रीय चिडि़याघर प्राधिकरण (सीजेडए) ने सभी मान्यताप्राप्त 180 चिडि़याघरों के प्रबंधकों को स्वास्थ्य मंत्रालय की अधिसूचना लागू कराने के लिए कहा है। केंद्रीय चिडि़याघर प्राधिकरण के सदस्य सचिव बी.आर. शर्मा ने बताया कि चिडि़याघर सार्वजनिक स्थानों की श्रेणी में आता है। लिहाजा सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषेध का नियम यहां भी लागू होगा। उल्लेखनीय है कि पशु अधिकारों के लिए काम करने वाली संस्था पेटा ने इस आशय की मांग भी की थी।