श्रीनगर। प्रतिष्ठित कश्मीर रेल परियोजना की आधारशिला रखे जाने के दस साल बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह शनिवार को घाटी की जनता को पहली रेल सेवा समर्पित करेंगे।
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने यहां बताया कि प्रधानमंत्री नौगाम रेलवे स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर कश्मीर घाटी में रेल सेवा का उद्घाटन करेंगे।
शुरुआत में यह ट्रेन बड़गाम जिले के राजवनेश्वर से अनंतनाग तक चलेगी। यह ट्रेन 66 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसका किराया 15 रुपये होगा। ट्रेन की नियमित सेवा 12 अक्टूबर से शुरू होगी। ट्रेन का ठहराव बड़गाम, श्रीनगर, पंपोर, काकापुरा, अवंतिपुरा, पंजगाम, बिजबेहड़ा, राजवनेश्वर और अनंतनाग में होगा।
ट्रेन एक घंटा 35 मिनट में 66 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यह ट्रेन दोनों तरफ से दिन में दो बार चलेगी।