नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी [आईएईए] के महानिदेशक मुहम्मद अलबरदेई को वर्ष 2008 के इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण एवं विकास पुरस्कार के लिए चुना गया है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में पुरस्कार के अंतरराष्ट्रीय निर्णायक मंडल की हालिया बैठक में यह फैसला किया गया। अलबरदेई को सैन्य मकसद के लिए परमाणु ऊर्जा के इस्तेमाल का पुरजोर विरोध और इसके शांतिपूर्ण उपयोग की वकालत के लिए यह सम्मान दिया जाएगा।
पुरस्कार देने वाली संस्था इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्रस्ट की ओर जारी बयान में कहा गया है, 'आईएईए के महानिदेशक के रूप में डा. अलबरदेई परमाणु संवर्द्धन और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर मुखर रहे हैं।' कानून की पढ़ाई करने वाले अलबरदेई ने अपने कैरियर की शुरुआत 1964 में मिस्र की राजनयिक सेवा से की। संयुक्त राष्ट्र में अपनी सेवाएं दे चुके अलबरदेई 1997 से ही आईएईए के महानिदेशक हैं।