जम्मू। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता विनय कटियार ने मालेगांव बम विस्फोट में आरोपी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के नार्को टेस्ट की रिपोर्टो को सार्वजनिक किए जाने की मांग की। कटियार ने देश में आतंकवाद का समर्थन करने के लिए केंद्र की कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन [संप्रग] सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए मांग की कि जिस तरह अंडरवर्ल्ड डान अबु सलेम के मामले में किया गया था उसी तरह साध्वी प्रज्ञा सिंह के नार्को टेस्ट की रिपोर्टो को भी सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने समाज में संतो को बदनाम करने का एक अभियान शुरू किया है। यदि मुंबई के आतंकवाद निरोधक दस्ते [एटीएस] के पास जांच के पूरे सबूत है तो रिपोर्टो को सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा है।
एटीएस टीम की कड़ी आलोचना करते हुए कटियार ने जांच को चुनौती देते हुए कहा कि जांच का सीधा लक्ष्य संतो और सेना को बदनाम करने का है। इस बीच भाजपा नेता ने अमरनाथ श्राइन बोर्ड भूमि मामले में दो महीने तक चले आंदोलन के दौरान जम्मू के लोगों द्वारा दिखाई गई एकता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक आंदोलन से न केवल राज्य में बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में एक नया मापदंड स्थापित हुआ है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी [राकांपा] ने कहा है कि महाराष्ट्र में मालेगांव बम विस्फोट मामले में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर और अन्य लोगों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून [मकोका] लगाने से यह बात स्पष्ट होती है कि उनके विस्फोट की घटना में शामिल होने के कितने पुख्ता सबूत हैं।