
मुंबई। निर्माता कमाल खान ने महाराष्ट्र सरकार द्वारा उनकी फिल्म 'देशद्रोही' पर प्रतिबंध जारी रखने के फैसले को फिर हाईकोर्ट में चुनौती दी है। कमाल ने शुक्रवार को बांबे हाईकोर्ट में नए सिरे से याचिका दायर की।
कमाल के वकील राजेश मिश्रा ने बताया कि अदालत इस याचिका पर 24 नवंबर को सुनवाई करेगी। राज्य सरकार ने कमाल खान की दलील सुनने के बाद गुरुवार को महाराष्ट्र में फिल्म पर प्रतिबंध जारी रखने का फैसला किया था।
उल्लेखनीय है कि अदालत ने कमाल खान की पिछली याचिका पर फिल्म से प्रतिबंध हटाने या जारी रखने का मामला राज्य सरकार के जिम्मे सौंप दिया था। हालांकि अदालत ने यह भी कहा था कि राज्य सरकार फिल्म निर्माता की बात भी सुने। इसके बाद कमाल ने राज्य के गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की थी। कमाल अपनी फिल्म के कुछ विवादास्पद दृश्य हटाने को भी तैयार थे।