समाचार

बहुरंगी जिंदगी शादी करके जीएंगे एड्स पीड़ित

Dec 01, 12:39 pm
  Print

करनाल [अश्विनी शर्मा]। एड्स से पीड़ित चार जिंदगानियों ने बहुरंगी जिंदगी को फिर से जी लेने की तैयारी कर ली है। एड्स पीड़ित दो युवक व दो युवतियां हौंसलों से जिंदगी की उड़ान भरने के लिए विवाह के बंधन में बंधने की ओर आगे बढ़ रहे है। इनकी शादी करवाने का बीड़ा भी एक एड्स पीड़ित ने ही उठाया हुआ है। वर और वधू पक्ष की ओर से एक रिश्ते की बात लगभग फाइनल हो गई है, जबकि एक रिश्ते में अभी वधू पक्ष की रजामंदी मिलनी बाकी है।

विश्व एड्स दिवस पर इस बीमारी का दंश झेल रहे देश के 57 लाख [सरकारी आंकड़ा] एड्स पीड़ितों को समाज के साथ कदमताल करवाने के लिए कई नारे दिए जाएंगे, लेकिन दो युवक व दो युवतियों की दास्तां एड्स पीड़ितों को जिंदगी के हर लम्हें को अपने अंदाज में जीने की प्रेरणा देगी।

करनाल के गांव सांभली के एड्स पीड़ित बलविंद्र सिंह ने इस बीमारी से पीड़ित दो युवकों व दो युवतियों की शादी करवाने का बीड़ा उठाया हुआ है। वह इसी तरह की शादी लगभग दो साल पहले भी करवा चुका है। उसने एड्स पीड़ित युवक कृष्ण व युवती लवली की शादी रचाई थी। यह जोड़ा खुशी-खुशी अपने जीवन की गाड़ी आगे बढ़ा रहा है। अब बलविंद्र के माध्यम से अमृतसर के एड्स से पीड़ित युवक निश्चय सिंह [बदला हुआ नाम] की शादी अंबाला जिले की एड्स से पीड़ित युवती रानी [बदला हुआ नाम] के साथ करवाने की बात लगभग फाइनल हो चुकी है।

बलविंद्र के अनुसार उसे खुशी है कि यह दोनों विवाह के बंध में बंध कर एड्स पीड़ितों को जिंदगी अपने ढंग से जीने का संदेश देंगे। लगभग दो महीने के अंदर यह दोनों विवाह कर लेंगे। एड्स पीड़ित एक युवक व एक युवती की शादी की बात भी बहुत हद तक आगे बढ़ चुकी है। जींद निवासी युवक बलकार [बदला हुआ नाम] की शादी की बात करनाल की ही एक युवती से चल रही है। इस युवती का पति शादी के कुछ समय बाद ही एड्स के चलते तीन साल पहले मर गया था। युवक बलकार आसाम में चायपत्ती का व्यवसायी है। वर पक्ष शादी के लिए रजामंद है, जबकि वधू पक्ष की रजामंदी अभी मिलनी बाकी है।

गांव सांभली निवासी बलविंद्र को 15 साल पहले एड्स हो गया था। उसकी पत्नी बबली को भी एड्स है। यह दोनों ही एड्स पीड़ितों को हौंसला बढ़ाने के लिए एक मंच की तरह काम कर रहे है। विश्व एड्स दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न राज्यों से आए 70 से ज्यादा एड्स पीड़ितों के साथ बलविंद्र ने जागरूकता रैली निकाली। इससे पहले कर्ण पार्क में केक कटाकर जीवन के हर पल को मस्ती से जीने का संदेश दिया।

बलविंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश भर के एड्स पीड़ितों को कई सुविधाएं देने की मांग लेकर सीएम भूपेंद्र हुड्डा से मुलाकात की जाएगी। उनकी मांगों में एड्स पीड़ितों को हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर निशुल्क बस सेवा का प्रावधान करने, एड्स पीड़ितों के मरने के बाद उनके बच्चों को सरकारी नौकरी देने, बीपीएल के कार्ड बनवाने, हर जिले में अलग से एड्स का अस्पताल स्थापित करने और सीडीफोर मशीन देने की मांग शामिल है।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति