
वाराणसी। दक्षिण-पूर्व एशिया में फिलिपीन और चीन के जंगलों में आम तौर पर पाए जाने वाला फ्लाइंगलेमूर नामक वानर प्रजाति का जीव सोमवार की रात वाराणसी के सारनाथ में पाए जाने से अचानक कौतूहल में सैकड़ों लोग एकत्र हो गए।
वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि कल रात वाराणसी के सारनाथ रेलवे स्टेशन पर कुछ लोगों को दफ्ती के एक डिब्बे में बंद जंगल का दुर्लभ जीव फ्लाइंग लेमूर मिला जिसे देख कर वह चौंक गए। मजे की बात यह है कि दफ्ती के डिब्बे पर लिखा था कि यह प्राचीन जीव है इसे चिड़िया घर पहुंचा दें।
लेमूर को पाने वाले लोगों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी जिसने इसे अपने संरक्षण में लेकर तत्काल सारनाथ चिड़ियाघर में एक बाड़े में रख दिया। वन संरक्षक हेमंत कुमार ने बताया कि आम तौर पर चीन और फिलिपीन के जंगलों में पाया जाने वाला फ्लाइंग लेमूर 26 इंच लंबा होता है और देखने में यह बड़े चमगादड़ जैसा होता है।
वन विभाग इस नये जीव को खिलाने पिलाने की व्यवस्था में जुटा है जबकि इस जीव को पाये जाने की सूचना पर सैकड़ों की संख्या में लोग इसे देखने की उत्सुकता में सारनाथ पहुंच रहे हैं।