समाचार

इंजीनियर हत्याकांड के अभ्यिुक्त का समर्पण

Jan 06, 03:03 pm
  Print

औरेया। इंजीनियर मनोज गुप्ता हत्याकांड में वांछित योगेंद्र दोहरे उर्फ भाटिया ने मंगलवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया।

अभियोजन पक्ष के वकील के अनुसार दोहरे ने औरेया के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में आत्मसमर्पण किया और अदालत ने उसे छह दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इंजीनियर मनोज कुमार गुप्ता हत्याकांड में नामजद योगेंद्र दोहरे उर्फ भाटिया बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष हैं। पुलिस ने दोहरे की गिरफ्तारी के लिए ढाई हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

इंजीनियर मनोज कुमार गुप्ता की पिछले माह 24 दिसंबर की रात औरेया में पीट-पीट कर हत्या कर दी गई थी और इस सिलसिले में स्थानीय बसपा विधायक शेखर तिवारी सहित छह लोगों को अभी तक गिरफ्तार किया जा चुका है।

अभियोजन की जानकारी के अनुसार आज प्रात: सीजेएम कोर्ट खुलने से पहले ही मनोज कुमार हत्याकांड में वांछित आरोपी योगेंद्र दोहरे उर्फ भाटिया नाटकीय ढंग से पुलिस को चकमा देकर अदालत में पहुंच गया और अदालत लगते ही आत्मसमर्पण कर दिया। सीजेएम समरपाल सिंह ने भाटिया को अपनी हिरासत में ले लिया और पुलिस देखती ही रह गई। हालांकि शहर में कल से भाटिया द्वारा अदालत मे आत्मसमर्पण करने की चर्चा थी। इस चर्चा के मद्देनजर भाटिया अदालत खुलने के समय से पूर्व ही अदालत में प्रवेश कर गया।

ज्ञातव्य है कि पिछले माह 23-24 दिसंबर की रात को जब इंजीनियर गुप्ता की हत्या की जा रही थी तो वह चिल्ला-चिल्ला कर कह रहे थे कि भाटिया मुझे मत मारो। हत्या में नाम आने पर भाटिया अपना गांव देवराय का पुर्वा छोड़कर फरार हो गया था। उसके विरुद्ध न्यायालय द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था तथा उस पर 2500 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। इसी के चलते भाटिया ने आज आत्मसमर्पण किया। उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस का मानना है कि भाटिया के आत्मसमर्पण से इंजीनियर हत्याकांड की गुत्थियां सुलझाने में सहायता मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि इंजीनियर हत्याकांड में बसपा विधायक शेखर तिवारी की पत्नी विभा तिवारी और दिवियापुर थाने के बर्खास्त थानाध्यक्ष होशियार सिंह की भी अभी पुलिस को तलाश है, जिनकी गिरफ्तारी का पुलिस प्रयास कर रही है।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति