समाचार

दिल्ली: प्रत्येक थाने में कमांडो की तैनाती

Jan 06, 03:35 pm
  Print

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए यहां के हर थाने में कम से कम 10 कमांडो तैनात रहेंगे। उन्हें एके-47 जैसे अत्याधुनिक हथियारों से लैस कर आपात स्थितियों से निपटने में सक्षम बनाया जाएगा।

26 नवंबर को मुंबई में हुए आतंकी हमलों ने दिल्ली पुलिस को बड़ा सबक दिया है। पुलिस के आला अधिकारी आतंकियों और अपराधियों के खिलाफ अपनी मुहिम को पूरी तरह सशक्त बनाना चाहते है। संयुक्त पुलिस आयुक्त एस नित्यानंदम ने बताया कि शारीरिक रूप से पूरी तरह फिट और उच्च प्रशिक्षित सिपाहियों को कमांडो दस्ते में शामिल किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सिपाहियों को कमांडो ट्रेनिंग देने के लिए 10 दिनों का प्रशिक्षण कार्यक्रम तय किया गया। इस पर दिसंबर में ही अमल शुरू हो गया। प्रत्येक थाने को इस पर अमल करना होगा। अधिकारी ने बताया कि जब तक प्रत्येक थाने में कम से कम 10 सिपाही कमांडो जैसा कौशल हासिल नहीं कर लेते तब तक इस पर अमल होता रहेगा।

दिल्ली पुलिस 11 जिलों में विभाजित है और महानगर में कुल 111 थाने है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस प्रशिक्षण कार्यक्रम पर अमल भी शुरू हो गया है। 110 सिपाहियों के पहले दस्ते को कमांडो प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जबकि दूसरे दस्ते का प्रशिक्षण सोमवार से शुरू हुआ।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति