सिलीगुड़ी [पश्चिम बंगाल]। पश्चिम बंगाल में बर्डफ्लू प्रभावित दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी जिलों में कुक्कुट पक्षियों को मारने का अभियान एक दिन के लिए और आगे बढ़ा दिया गया।
सिलीगुड़ी के उपसंभागीय अधिकारी शरद द्विवेदी ने बताया कि कुक्कुटों को मारने का अभियान कल सोमवार को समाप्त होने वाला था। लेकिन सिलीगुड़ी नगर निगम के कुछ वार्डो में और जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज ब्लाक के कुछ इलाकों में अभी कुछ और कुक्कुट पक्षियों को मारना है, जिसे देखते हुए यह अभियान एक दिन के लिए और चलाया जाएगा।
द्विवेदी ने बताया कि आज सुबह तक कुल 25,624 कुक्कुट पक्षियों को मारा जा चुका है। उन्होंने बताया कि चूंकि पक्षियों को मारने का काम एक दिन और चलेगा अत: मृत पक्षियों को हटाने का काम कल से शुरू किया जाएगा। इसे आज से शुरू किया जाना था। कुक्कुटों को मारने का अभियान राज्य में दो जनवरी से शुरू किया गया था। इस दौरान करीब 30,168 अंडे और 1476 किलोग्राम चिकन भी नष्ट किए जा चुके हैं।