समाचार

युवा व लेडीज स्पेशल की बहार

Jul 04, 03:04 am
  Print

नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। ममता बनर्जी के रेल बजट में इस बार विशेष ट्रेनों की बहार रही। रेल बजट की घोषणाओं में लगभग पांच दर्जन नई ट्रेनों के साथ दर्जन भर दूरांत ट्रेन और युवा व महिला स्पेशल ट्रेनें सबसे चर्चित रहीं। दूरांत ट्रेन यानी शुरुआती स्टेशन से आखिरी स्टेशन के बीच निर्बाध रेल सेवा अपनी तरह की पहली घोषणा है। इसके अलावा युवाओं के लिए लंबी दूरी की सस्ती वातानुकूलित ट्रेन व मुंबई की तर्ज पर बाकी महानगरों में कामकाजी महिलाओं के लिए लेडीज स्पेशल की भी शुरुआत होगी।

रेल बजट में वैसे तो 57 जोड़ा नई रेल गाड़ियां, 27 ट्रेनों के विस्तार व 13 के फेरों में वृद्धि की घोषणा की गई, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चित रहीं विशेष रेलगाड़ियां। इनमें दर्जन भर नान स्टाप दूरंतो ट्रेन की घोषणा सबसे अहम रही। इनमें 9 दूरंतो तो नई दिल्ली से विभिन्न गंतव्यों के बीच चलेंगी। इन ट्रेनों में वातानुकूलित व गैर वातानुकूलित शायिकाएं होंगी। ममता की दूसरी खास घोषणा 'युवा गाड़ियों'ं की रही। हालांकि अभी यह तीन महीने की पायलट सेवा के रूप में चलाई जाएगी और साप्ताहिक सेवा होगी।

शुरुआत में यह पायलट सेवा मुंबई-दिल्ली व दिल्ली-कोलकाता के बीच चलेगी। सफल रहने पर यह अन्य हिस्सों में भी चलेगी। युवा पीढ़ी को समर्पित इस सेवा का उद्देश्य युवाओं व कम आय समूह वाले लोगों को सस्ते किराए में तेज रफ्तार गाड़ियों में लंबी दूरी की यात्रा कराना होगा। इन गाड़ियों को ग्रामीण इलाकों से प्रमुख शहरों से जोड़ने के लिए चलाया जाएगा। यह गाड़िया वातानुकूलित होंगी और इनमें केवल बैठने का स्थान होगा। यह गाड़ियां 1000 किलोमीटर से 2500 किलोमीटर के बीच एक स्थान से दूसरे स्थान के बीच चलेगी। 1500 किलोमीटर तक इनका किराया 299 रुपये व 2500 किलोमीटर की दूरी के लिए 399 रुपये होगा।

बजट में महानगरों में रहने वाली कामकाजी महिलाओं को किराए में छूट भले नहीं मिली हो, लेकिन उनको महिला स्पेशल गाड़ियां मिली हैं। मुंबई उपनगरीय गाड़ियों की तर्ज पर अब दिल्ली, कोलकाता व चेन्नई में केवल महिलाओं के लिए ईएमयू गाड़ियां चलाने की घोषणा की गई है। हालांकि ये गाड़ियां कार्यालयों के समय के दौरान ही चलेंगी।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति