गलत होता तो बाप ही कर देता एनकाउंटर..

 
Jul 04, 09:06 pm

इंदिरापुरम [राजू मिश्र]। अरे उसका तो बाप ही खुद आर्मी में था, उसे पता चल जाता कि वह किसी गलत कार्य में है तो वही उसका एनकाउंटर कर देता यानी गोली मार देता। मेरे बच्चे के बारे में कहीं से भी पता करा लो, किसी थाने-चौकी में उसके खिलाफ कहीं कुछ दर्ज नहीं है। देहरादून में पुलिस मुठभेड़ में मारे गये रणवीर सिंह के घर से शनिवार को सुबह आ रही रोने की यह आवाजें जिसने भी सुनी उसका दिल दहल गया।

शनिवार सुबह से नीति खंड-तृतीय के मकान नंबर-532 के आसपास ऐसा जमावड़ा था कि सड़क चलते लोग रुक जाते थे। अखबार व टीवी में खबरे आने के बाद हर कोई आतुर था कि एमबीए पास युवक रणवीर सिंह से ऐसी क्या गलती हो गई कि पुलिस ने उसको एनकाउंटर में मार दिया। लेकिन रणवीर सिंह के घर पहुंचने पर रोने की आवाजों के बीच कोई जानकारी मिलना आसान नहीं था। घर में रिश्तेदार व आस-पड़ोस की महिलाओं के रोने की आवाजों के बीच किसी से कुछ पूछने की हिम्मत तक कोई नहीं जुटा पा रहा था। रणवीर सिंह की मां सुरेश व बहन मीनाक्षी का रो-रोकर बुरा हाल था। बहन मीनाक्षी को संभालने के लिए रिश्तेदारी में आई कई महिलाएं लगी हुई थीं, लेकिन उसके विलाप को वहां खड़े लोगों के लिए देखते नहीं बन रहा था।

रणवीर सिंह के पिता रविंद्र पाल के देहरादून जाने के कारण उसके चाचा नरेंद्र ही मुखिया की भूमिका निभा रहे थे। उनका कहना था कि हमें तो अब न्याय चाहिए। इस मामले में दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो और उनको सजा मिले।

नरेंद्र सिंह रणवीर सिंह की मौत का वाक्या बताते हुए अपनी सिसकी रोक नहीं पा रहे थे। उन्होंने बताया कि वह मूल रूप से खेकड़ा के गांव निरोजपुर एमा के रहने वाले हैं। छह भाई व तीन बहनों में सबसे बड़े रविंद्र पाल हैं। सात वर्ष पहले रिटायर होने के बाद वह नीति खंड में मदर डेरी में बूथ चला रहे थे। उनका कहना था कि शुक्रवार को देर शाम साहिबाबाद पुलिस के साथ आई देहरादून पुलिस ने सूचना दी कि उनके छोटे पुत्र रणवीर सिंह का ड्राइविंग लाइसेंस देहरादून पुलिस के रायपुर थाने के निकट एनकाउंटर में मारे गए बदमाश की जेब से मिला है। उनकी बातों से ऐसा लगा कि वह यह कहना चाह रहे थे कि कहीं वह आपका लड़का तो नहीं, लेकिन भाई साहब को विश्वास नहीं हुआ। इसके बाद वह तीन अन्य भाइयों के साथ देहरादून गए थे, जहां देर रात्रि में इसकी पुष्टि हुई की एनकाउंटर में मारा गया युवक रणवीर सिंह ही है। उनको अफसोस है कि मामले का खुलासा होने के बाद भी पुलिस भाई साहब रविंद्र पाल के साथ अभद्र व्यवहार कर रही है।




लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(93) वोट का औसत

average:3.989242
Saving...
    शीर्षकों को अपने "मेरा याहू " पृष्ट पर शामिल करें
  • राजनीति
    Add to My Yahoo! xml
  • अपराध
    Add to My Yahoo! xml
  • दुर्घटना
    Add to My Yahoo! xml
  • आतंकवाद
    Add to My Yahoo! xml
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित