समाचार

असम में बाढ़ का तांडव शुरू

Jul 04, 10:35 pm
  Print

गुवाहाटी [जासं]। असम में बाढ़ का प्रलयकारी रूप सामने आने लगा है। नदी द्वीप माजुली के निकट ब्रह्मापुत्र में डूबने से जयराम दास नामक एक व्यक्ति की मौत हो गई। माजुली के 41 गांवों की लगभग 45 हजार आबादी बुरी तरह प्रभावित हुई है। माजुली प्रशासन ने राहत व बचाव कार्य तेज कर दिया है। इसके अलावा द्वीप में आवागमन अवरुद्ध होने के कारण प्रशासन की तरफ से कई नौकाओं का इंतजाम किया गया है।

मालूम हो कि भारी वर्षा के चलते पिछले दिनों धेमाजी जिले के ढकुवाखाना सब डीविजन अंतर्गत ब्रह्मपुत्र नद पर बना मातमरा तटबंध टूट गया। इसके चलते द्वीप का अधिकांश इलाका जलमग्न हो गया है। पानी के तेज बहाव के कारण बोरबिल, समुहीआंती व सिमलगुड़ी सड़क मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है तथा द्वीप के अन्य हिस्सा से इसका संपर्क टूट गया है। प्रशासन की तरफ से प्रभावित लोगों के बीच चावल व मिट्टी के तेल का विवरण किया जा रहा है।

बाढ़ के चलते बड़े पैमाने पर फसल नष्ट हो गई है और मवेशियों के लिए चारा का अभाव हो गया है। राज्य में अब तक तीन लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।

मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने उत्तरी लखीमपुर जिले में ब्रह्मपुत्र नदी पर करोड़ों रुपये की लागत से बने तटबंध के टूटने की जांच कराने की शनिवार को घोषणा की।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति