समाचार

मुंबई में भारी बारिश, हाईअलर्ट

Jul 04, 11:07 pm
  Print

मुंबई। मुंबई में शनिवार को हुई भारी बारिश के कारण कई उपनगरीय इलाकों में पानी भर गया। इस कारण सड़कों पर यातायात ठप हो गया और उड़ानों में देरी हुई। किसी तरह की अनहोनी को देखते हुए प्रशासन ने हाईअलर्ट जारी कर दिया।

दिनभर हुई बारिश के कारण दादर, वडाला, भायखला, मझगांव, माहिम, सांताक्रूज, गोरेगांव, जोगेश्वरी, कांदिवली, मुलुंड, सायन, माटुंगा व घाटकोपर जैसे इलाकों में दो से तीन फुट तक पानी भर गया। बारिश के कारण महानगर के दो प्रमुख राजमार्गो और अन्य मार्गो पर यातायात थम-सा गया था। परिणामस्वरूप कई हिस्सों में जाम की स्थिति पैदा हो गई थी।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार महानगर में शनिवार देर शाम तक 98 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि उपनगरों में लगभग 100 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

बारिश के कारण दृश्यता का स्तर 500 मीटर तक आ गया और इसके चलते विमानों के उतरने और उड़ान भरने में 15 से 20 मिनट की देरी हुई। हवाईअड्डे के एक अधिकारी के अनुसार जेद्दाह-मुंबई के एक विमान का टायर संदिग्ध रूप से फट जाने के कारण मुख्य रनवे को शाम 6.30 बजे 40 मिनट के लिए बंद कर दिया गया था। इसके साथ ही अन्य उड़ानों में भी देरी हुई। कम से कम आने वाली एक उड़ान को पुणे के लिए मोड़ दिया गया और एक अन्य विमान को अहमदाबाद के लिए मोड़ दिया गया।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। उधर वृहंदमुंबई नगर निगम [एमसीजीएम] ने चेतावनी दी है कि निचले इलाकों में और अधिक पानी भर सकता है। अब तक महानगर में कुल लगभग 365 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि उपनगरों में 293 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति