हल्द्वानी, जागरण संवाददाता। कैलास मानसरोवर की यात्रा पूरी कर दूसरा दल सकुशल शनिवार को काठगोदाम पहुंच गया। कुमाऊं मंडल विकास निगम [केएमवीएन] के अतिथि गृह में दल का जोरदार स्वागत किया गया।
कैलास मानसरोवर की यात्रा पर गया दूसरा दल लौटकर शनिवार सुबह लगभग दस बजे काठगोदाम पहुंचा। 47 सदस्यीय इस दल में 13 महिलाएं शामिल थीं। इस मौके पर यात्रियों ने बताया कि कैलास-मानसरोवर में मौसम बेहद सुहावना रहा। जिससे उन्हें भोले के दर्शन करने में कोई कठिनाई नहीं हुई। यात्रियों ने कहा कि यात्रा के दौरान उन्होंने भक्ति व रोमांच को साथ-साथ महसूस किया। यात्रा दल के वरिष्ठ सदस्य 68 वर्षीय बल्लभ दास ने कहा कैलास मानसरोवर के दर्शन से उनका जीवन धन्य हो गया। देहरादून के डा. शशिभूषण गुप्ता ने कहा सभी को अपने जीवन में एक बार कैलास यात्रा जरूर करनी चाहिए। उन्होंने यात्रा के दौरान आईटीबीपी के जवानों से मिले सहयोग की खूब सराहना की। कुछ देर केएमवीएन के अतिथि गृह में विश्राम करने के बाद यात्री दिल्ली के लिए रवाना हो गए।