
नई दिल्ली। डीएमआरसी के जनसंपर्क अधिकारी ने कहा कि मेट्रो प्रमुख ई. श्रीधरन ने सोमवार को अपना इस्तीफा वापस ले लिया है।
श्रीधरन ने आज डीएमआरसी के मुख्यालय में रोज की तरह अपनी नियमित सेवाओं का निर्वहन किया। इससे एक दिन पहले दिल्ली मेट्रो के निर्माणस्थल पर हुए हादसे की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
बाराखंबा रोड स्थित मेट्रो भवन पहुंचने से पहले श्रीधरन ने जमरूदपुर स्थित दुघर्टनास्थल का निरीक्षण किया और नियमित साप्ताहिक बैठकों में शामिल हुए।
मेट्रो सूत्रों ने बताया कि दुर्घटनास्थल पर राहत कार्य में लगी क्रेनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सुनकर वह दोबारा दुर्घटनास्थल पर पहुंचे।
इससे पहले रविवार को शहरी विकास मंत्री एस जयपाल रेड्डी और दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने श्रीधरन का इस्तीफा यह कहते हुए नामंजूर कर दिया था कि राष्ट्रमंडल खेलों तक डीएमआरसी के प्रमुख के पद पर उनके बने रहने की जरूरत है।
दीक्षित ने रविवार को श्रीधरन का इस्तीफा खारिज करते हुए कहा था कि परिवहन प्रणाली और देश को उनकी जरूरत है। उन्होंने कहा कि हम उनकी भावनाओं का सम्मान करते हैं। लेकिन हम यह भी जानते हैं कि दिल्ली मेट्रो और देश को उनकी जरूरत है। उन्होंने न केवल दिल्ली के लिए बल्कि देश के लिए अच्छा काम किया है।