समाचार

राजौरी की रानी बनी विशेष पुलिस अधिकारी

Jan 01, 05:30 am
  Print

राजौरी [जासं]। रौजारी की रानी के नाम से मशहूर हो चुकी रुखसाना को जम्मू-कश्मीर पुलिस में विशेष पुलिस अधिकारी [एसपीओ] नियुक्त किया गया है। रुखसाना ने जांबाजी का परिचय देते हुए लश्कर ए तैयबा के एक कमांडर को ढेर कर दिया था। इसी तरह की जिम्मेवारी उसके भाई और चाचा को भी दी गई है। रुखसाना ने बहादुरी का परिचय देते हुए एक आतंकी को मौत के घाट उतार दिया था।

राजौरी के एसएसपी शफकत बटाली ने बताया कि रुखसाना, उसके भाई एजाज और चाचा वकालत हुसैन को हाल में ही एसपीओ पद पर तैनात किया गया है।

रुखसाना इन दिनों एमएस बिट्टा की अगुवाई वाले अखिल भारतीय आतंकवाद विरोधी फ्रंट के एक पुरस्कार समारोह में शिरकत करने के लिए दिल्ली गई हुई हैं। लौटते ही ट्रेनिंग का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। बटाली ने उन खबरों से इंकार किया है, जिसमें कहा गया था कि रुखसाना सुरक्षा कारणों से दिल्ली में रहेगी।

याद रहे कि रुखसाना के अपर शाहदरा में थन्ना मंडी स्थित घर पर 27 सितंबर की रात आतंकियों ने हमला किया था। रुखसाना ने बहादुरी का परिचय देते हुए लश्कर ए तैयबा के एक कमांडर को मौत के घाट उतार दिया था तो दूसरे को घायल कर दिया था। उसके बाद से रुखसाना को राजौरी की रानी के नाम से पहचाना जाता है। बीते शुक्रवार की रात आतंकियों के एक दल ने बदला लेने के लिए उसके अपर शाहदरा स्थित घर पर ग्रेनेड से हमला किया। हालांकि रुखसाना अपने पूरे परिवार के साथ पिछली घटना के बाद से ही कड़ी सुरक्षा में जिला पुलिस लाइन में रह रही है।

पिछले दिनों जब राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल राज्य के दौरे पर आई थीं तो उन्होंने बहादुर लड़की से मुलाकात कर उसे सम्मानित किया था। उस समय उसने नौकरी की बात की थी।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति