मेरठ [धीरेन्द्र मिश्र]। पश्चिमी उत्तर प्रदेश का एक और बांका छोरा बिग बास के घर का सदस्य बनने जा रहा है। लेकिन उसका अपना परिवार खासकर मां बीरमती इससे वाकिफ नहीं है।
बीरमती को उनके बेटे और मिस्टर इंडिया-2008 रहे प्रवेश राणा के चर्चित रियलिटी शो बिग बास-3 में इंट्री मिलने की खबर बुधवार रात दैनिक जागरण से मिली। उनका कहना था-'मुझे तो कुछ पता ही नहीं। वह ज्यादा मुंबई में रहता है या फिर इधर-उधर घूमता रहता है। यहां तो कभी-कभार ही आ पाता है। जरूरत पड़ने पर फोन कर लेता है।' कैसा महसूस कर रही हैं, के जवाब में उनकी प्रतिक्रिया थी-'मैं इस बारे में क्या बताऊं? ग्लैमर की दुनिया को मैं नहीं जानती। मैं तो एक घरेलू महिला हूं। वही इस बारे में बताएगा। मुझे तो तुम ही बता रहे हों इतनी बड़ी खबर।'
भले ही प्रवेश की मां बिग बास के नियमों की वजह से इस खबर से बेखबर हों, पर इतना तय हो गया कि अपना मिस्टर इंडिया दुनिया भर में चर्चित इस शो में शुक्रवार को बिग बास के घर में दाखिल हो जाएगा। अब वह न केवल बिग बास के एंकर व बालीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन से रूबरू होंगे, बल्कि अपना जलवा भी राजा भइया और आशुतोष की तरह ही बिखरेंगे। हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव, संगीतकार इस्माइल दरबार और दारा सिंह के बेटे बिंदू सहित कई सेलिब्रिटी के संग दिन रात गप-शप करेंगे और उन्हीं के बीच में रहकर एक बार फिर से इस मिट्टी की बादशाहत को लगातार दूसरी बार बरकरार रखेंगे।
नाम: प्रवेश राणा
रहने वाले: 40, प्रभात नगर, मेरठ
शिक्षा: रामजस कालेज, दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक
परचम लहराया: हेवडर्स मिस्टर इंडिया-2008
एंकरिंग: स्टार वन चैनल
माडलिंग: फारचून-500 की एक दर्जन से ज्यादा कंपनियों में
लक्ष्य: इंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में एकेडमी की स्थापना करना
वेस्ट की हैट्रिक
बिग बास जब से शुरू हुआ है तभी से वेस्ट यूपी के छोरे इसमें अपनी पहुंच बनाते रहे हैं। पहले बड़बोले राजा चौधरी, उसके बाद मुजफ्फरनगर का अपना पड़ोसी आशुतोष, अब प्रभात नगर का प्रवेश राणा इसमें दस्तक देने वाले हैं। इससे यहां के लोगों को एक और बड़ी कामयाबी मिली है और यह इस बात को साबित करता है कि मेरठ की मिट्टी के युवा किसी भी मामले में किसी से पीछे नहीं हैं।