गरीबों की थैली से भरी नक्सलियों की झोली

 
Nov 07, 10:54 am

नई दिल्ली [राजकिशोर]। केंद्र सरकार ने तो थैली गरीबी और पिछड़ापन दूर करने के लिए खोली, लेकिन उससे अपनी झोली भरने लगे नक्सली। माओवादियों के सर्वाधिक प्रभाव वाले 34 जिलों में त्वरित विकास के तहत केंद्र से भेजी जाने वाली मदद से भी बतौर रंगदारी या लेवी नक्सलियों ने मोटी रकम वसूलनी शुरू कर दी। ये तथ्य सामने आने से चौंके गृह मंत्रालय ने उच्च स्तरीय बैठक की और राज्य सरकारों व केंद्रीय एजेंसियों से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि नक्सलियों को विकास योजनाओं का धन न जाए।

दरअसल, नक्सल प्रभावित इलाकों को मुख्य धारा से जोड़ने और उनका पिछड़ापन दूर करने के लिए केंद्र सरकार ने त्वरित विकास योजना मंजूर की थी। राज्य सरकारों की योजनाओं से अलग केंद्र सरकार ने इन इलाकों के विकास पंचवर्षीय योजना के तहत 1700 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट जारी किया है। इसमें केंद्र के कई मंत्रालय मिलकर काम कर रहे हैं।

दंतेवाड़ा, बस्तर, गढ़चिरौली, लालगढ़, बोकारो और चतरा जैसे इलाकों के भी सबसे पिछड़े गांवों व कस्बों पर केंद्रीय एजेंसियों का फोकस है। मुख्य धारा से कटे इन गांवों और कस्बों तक विकास पहुंचाने के लिए सड़क और परिवहन व्यवस्था मजबूत करने को सरकार ने वरीयता दी है। इसके अलावा बिजली या टेलीफोन के खंभे, स्कूल और सरकारी भवनों के लिए भी काम शुरू हो रहा है।

सूत्रों के अनुसार, काम शुरू होने से पहले ही नक्सलियों ने ठेकेदारों और विभागों से अपनी 'लेवी' वसूलनी शुरू कर दी। नक्सलियों के अर्थतंत्र की प्रमुख रीढ़ दरअसल यह लेवी [जबरन वसूली] ही है जो वह किसी भी काम को शांतिपूर्ण तरीके से होने देने की गारंटी के तौर पर वसूलते आ रहे हैं। यहां तक राज्य सरकार के अधिकारियों और इंजीनियरों से लेवी के नाम पर जबरन वसूली नई बात नहीं है।

अब राज्य के साथ-साथ केंद्रीय धन की पहली किस्त भी नक्सलियों के पास पहुंचने की सूचना गृह मंत्रालय ने बेहद नागवार गुजरी है। पिछले हफ्ते नार्थ ब्लाक में शीर्ष अधिकारियों ने इस मुद्दे पर चर्चा कर राज्य सरकारों से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि विकास योजनाओं का धन कहीं और नहीं जाना चाहिए।

केंद्र ने यह भी ताकीद की है कि योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए ईमानदार और सख्त लोगों की नियुक्ति की जाए और देखा जाए कि धन का दुरुपयोग न हो।

गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना था कि 'नक्सलियों के खिलाफ हथियारबंद कार्रवाई से ज्यादा सरकार का जोर है, विकास के जरिए लाल गलियारे को समेटना। इसीलिए, केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़, झारखंड, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र की सरकारों से राय-मश्विरे के बाद सर्वाधिक नक्सल प्रभावित 34 जिलों को त्वरित विकास के लिए चुना था। अब अगर पिछड़ों और गरीबों की मदद के धन से भी नक्सली अमीर हों, यह बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।'




लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(19) वोट का औसत

average:4.842106
Saving...
    शीर्षकों को अपने "मेरा याहू " पृष्ट पर शामिल करें
  • राजनीति
    Add to My Yahoo! xml
  • अपराध
    Add to My Yahoo! xml
  • दुर्घटना
    Add to My Yahoo! xml
  • आतंकवाद
    Add to My Yahoo! xml
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित