यहां आदमी ही करता है आदमी की सवारी

 
Nov 07, 11:07 am

बांका [प्रकाश वत्स]। यह सचमुच पेट की आग बुझाने की विवशता का नजारा है। सूबे के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शुमार बांका स्थित मंदार पर्वत के समीप रोज सजती डोली वालों की दुकान खुद सब कुछ बयां करती है। महज चंद रुपये के लिए ये लोग अपने से दोगुने अथवा तिगुने वजन तक के व्यक्ति को डोली में लादकर मंदार के शिखर यानि हजार फीट की ऊंचाई पर ले जाते है। रोटी के लिए इस पुश्तैनी धंधे से जुड़े लोगों को पिछली पीढि़यों की असमय मौत भी नहीं रोक पा रही है।

कई बार प्रशासन ने इसपर रोक लगाने की कोशिश की, लेकिन रोटी की वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से धंधा चलता रहा। दरअसल इस प्रथा की शुरुआत ही मंदार के बाजू में बसे झपनिया गांव में गरीबी के चलते हुई। इस टोले में 50 की उम्र सीमा पार करने वाले विरले ही मिलते है।

डोली उठाने वालों के पंद्रह परिवारों की यह बस्ती है। रोटी के लिए यह इनकी अपनी ईजाद है। इसमें ये लोग तीन से चार के समूह में होते है। इनके पास अपना खटोला होता है। ये लोग इच्छुक लोगों को खटोले पर बिठाकर मंदार के शिखर पर ले जाते है। इन्हे तीन सौ से पांच सौ रुपये तक मिलते है। एक घंटे में ये सवारी के साथ मंदार के शिखर यानि जैन मंदिर पहुंच जाते है। फिर सवारी को वापस भी ले आते है।

पिता की मौत के बाद इस धंधे से पिछले दस वर्षो से जुड़े रमण लैया की मानें तो एक दिन में एक सवारी ले जाते और आते वे पस्त हो जाते है। कभी-कभी पैसे के लोभ में वे लोग दो-दो बार भी पहाड़ पर चढ़ते है।

वे बताते है कि उनके दादा और पिता भी यही काम करते थे। इसी धंधे से जुड़े रमथा लैया, धेंगल लैया व मृदु लैया के परिवारों को भी रोटी के लिए खून जलाने के इस पेशे का दंश झेलना पड़ रहा है। अधिकारियों की मानें तो इस धंधे की शुरुआत दरअसल बच्चों को मंदिर तक पहुंचाने के लिए हुई थी, परंतु बाद में ये लोग बड़ों को भी ढोने लगे। बेरोकटोक चलने वाले इस धंधे में शामिल लोग भरी जवानी में ही बूढ़े दिखने लगे है, लेकिन वे इस धंधे को छोड़ नहीं सकते है। यही एक जरिया है, जिससे घर का चूल्हा जलता है।

बताते चलें कि यहां पूजा-अर्चना के लिए झारखंड, बंगाल, उड़ीसा, दिल्ली सहित अन्य प्रांतों व विदेशों के पर्यटक भी रोजाना जुटते है।




लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(63) वोट का औसत

average:4.079364
Saving...
    शीर्षकों को अपने "मेरा याहू " पृष्ट पर शामिल करें
  • राजनीति
    Add to My Yahoo! xml
  • अपराध
    Add to My Yahoo! xml
  • दुर्घटना
    Add to My Yahoo! xml
  • आतंकवाद
    Add to My Yahoo! xml
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित