
मुंबई। छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से शनिवार को 270 हज यात्रियों का पहला जत्था जेद्दा के लिए रवाना हुआ।
बड़ी संख्या में राजनीतिक पार्टियों के नेता और अधिकारी हज यात्रियों को विदा करने हवाईअड्डे पहुंचे थे। इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री राम नाईक, मुंबई में भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष हाजी हैदर आजम के अलावा कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि शामिल थे।
हाजी हैदर आजम ने कहा कि हमने हज के लिए जा रहे यात्रियों को बधाई दी और उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की। गौरतलब है कि 270 हज यात्रियों का पहला जत्था सुबह 10.30 बजे रवाना हुआ। वहीं 400 हज यात्रियों का दूसरा जत्था शाम चार बजे और 270 हज यात्रियों का तीसरा जत्था 7:30 बजे रवाना होगा।