
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह मौसम गर्म होने के बावजूद कोहरा देर तक छाया रहा। कोहरा इतना ज्यादा था कि दृश्यता घटकर 500 मीटर रह गई, लेकिन इससे उड़ानें प्रभावित नहीं हुई। इस मौसम में पहली बार इतना कोहरा छाया रहा।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग [आईएमडी] का कहना है कि यद्यपि मौसम गर्म था लेकिन इसके बाद भी सुबह देर तक कोहरा छाया रहा। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे के प्रवक्ता अनिरुद्ध चटर्जी का कहना है कि कम दृश्यता के बावजूद हवाई सेवाओं में कोई परिवर्तन नहीं हुआ।
आईएमडी के एक अधिकारी ने दिल्ली, हरियाणा के गुड़गांव, फरीदाबाद और उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, नोएडा का जिक्र करते हुए कहा कि सुबह के समय एनसीआर [राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र] में दृश्यता 500 मीटर थी।
शनिवार सुबह 8.30 बजे के करीब न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो कि औसत से कुछ अधिक था। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है।
आईएमडी के निदेशक आर सी वशिष्ठ ने पश्चिम भारत से आ रहीं शुष्क हवाओं को कोहरे की वजह बताया है। वशिष्ठ ने कहा कि, उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर बने पश्चिमी विक्षोभों के परिणामस्वरूप उत्तर पश्चिमी भारत में नमी की स्थिति है। सर्दियां आने के साथ ठंडक बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि रविवार को तापमान में वृद्धि हो सकती है।