
नई दिल्ली। दलाई लामा की रविवार से शुरू हो रही अरूणाचल यात्रा को कई विदेशी पत्रकार कवर नहीं कर सकेंगे। कवर करने के लिए विशेष अनुमति के लिए उनका आवेदन अब भी प्रक्रिया में है।
इस हाई प्रोफाइल दौरे को कवर करने के लिए कम से कम 19 पत्रकारों ने अरुणाचल की यात्रा करने की अनुमति देने के लिए विदेश मंत्रालय में आवेदन दिया था। इनमें से 14 भारत में रहते हैं और पांच विदेशों से आए हैं।
आवेदन की स्थिति के बारे में पूछने पर विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने सिर्फ इतना ही कहा कि ये प्रक्रिया में हैं।
विलंब का मतलब है कि पत्रकार वहां नहीं जा सकेंगे क्योंकि दलाई लामा का दौरा रविवार से शुरू हो रहा है।
इस बात को ध्यान में रखते हुए कुछ विदेशी मीडिया घरानों ने दौरे को कवर करने के लिए स्थानीय संवाददाताओं को वहां भेज दिया है।