जयपुर [जागरण संवाददाता]। नर्स भंवरी देवी मामले में राजस्थान के पूर्व मंत्री रामसिंह बिश्नोई की पत्नी अमरी देवी सहित अन्य परिजनों को बिना नोटिस बार-बार पूछताछ के लिए बुलाने के मामले में राजस्थान हाई कोर्ट ने केंद्रीय गृह सचिव, सीबीआई निदेशक और एसपी से 10 फरवरी तक जवाब मांगा है। अमरी देवी के वकील ने सोमवार को न्यायाधीश गोविंद माथुर की अदालत में याचिका दायर की थी। इस मामले में मंगलवार को सीबीआइ ने अदालत में फरार इंद्रा के साथी रेशमाराम की मेडिकल रिपोर्ट पेश कर दी।
रेशमाराम के वकील गोपीलाल ढाका ने मेडिकल रिपोर्ट की सत्यापित कॉपी दिए जाने की मांग की। ढाका ने बताया कि रिपोर्ट में रेशमाराम के घुटनों और हाथों पर चोट के निशान बताए गए हैं। अब वे सीबीआई के खिलाफ इस्तगासा दायर कर मुकदमा चलाएंगे। उन्होंने कहा कि सीबीआइ ने इससे पहले पूछताछ के दौरान भी रेशमाराम और उसके भाई के साथ मारपीट की थी।
गौरतलब है कि सोमवार को रेशमाराम के वकील ने सीबीआई पर आरोप लगाया था कि रिमांड के दौरान रेशमाराम के साथ मारपीट की गई थी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर