समाचार

हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने की समय सीमा तय

Jan 01, 05:30 am
  Print

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। अब आपके वाहन पहले से ज्यादा सुरक्षित हो जाएंगे। सुप्रीम कोर्ट ने वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने की समय सीमा तय कर दी है। सभी राज्यों को निर्देश दिया गया है कि नए वाहनों में 30 अप्रैल और पुराने वाहनों में 15 जून तक हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाएं। हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगने के बाद वाहनों की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ नहीं हो पाएगी और वाहनों चोरी तथा आतंकवादी घटनाओं इस्तेमाल पर अंकुश लगेगा।

राज्यों को यह निर्देश मंगलवार को मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एसएच कपाड़िया, न्यायमूर्ति एके पटनायक और न्यायमूर्ति स्वतंत्र कुमार की पीठ ने आतंकवाद निरोधक मोर्चा के अध्यक्ष मनिंदरजीत सिंह बिट्टा की याचिका का निपटारा करते हुए दिया है। पीठ ने सभी राज्यों से कहा है कि वह कोर्ट के हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के आदेश को लागू करे। पीठ ने साफ किया कि आदेश का पालन न करने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही की जाएगी। हलफनामा दाखिल कर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट योजना लागू करने की स्थिति न बताने पर आंध्र प्रदेश के प्रमुख सचिव परिवहन और परिवहन आयुक्त को कोर्ट ने अवमानना नोटिस जारी किया है।

मालूम हो कि सुप्रीम कोर्ट ने वाहनों में छेड़छाड़ रहित हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने का आदेश दिया था। लेकिन राज्यों ने योजना लागू नहीं की। बिट्टा ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर इस संबंध में आदेश लागू करने की मांग की थी। उनकी यह याचिका 2005 से लंबित है। इस बीच कई बार कोर्ट ने राज्यों को योजना लागू करने का आदेश दिया। गत 8 दिसंबर को भी सभी राज्यों को एक तय समय सीमा में आदेश का पालन सुनिश्चित करने और हलफनामा दाखिल कर योजना पर अब तक हुए काम का ब्योरा भी मांगा गया था।

नया सुरक्षा चक्र

-वाहन के अगले और पिछले हिस्से पर और विंडस्क्रीन पर दर्ज होगा रजिस्ट्रेशन नंबर

-एक मिलीमीटर मोटी अल्युमिनियम की प्लेट पर होंगे नंबर। प्लेट के कोने वृत्ताकार होंगे

-प्लेट पर क्रोमियम से बने चक्र का होलोग्राम अंकित होगा। उस पर नीले रंग से आइएनडी लिखा होगा

-इस पर सात अंकों वाला विशिष्ट लेजर कोड, खुद नष्ट होने वाला विंडशील्ड स्टीकर और स्नैप लॉक भी होगा

-नंबर प्लेट को नष्ट करने या हटाने की कोई भी कोशिश नाकाम होगी क्योंकि इसकी जगह कोई दूसरा नंबर लगाना असंभव होगा क्योंकि स्नैप लॉक टूट जाएगा

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति