समाचार

छोटी उम्र में शादी के खिलाफ शुरू हुई मुहिम

Jan 01, 05:30 am
  Print

पटना [जागरण ब्यूरो] महात्मा गांधी ने रंगभेद की लड़ाई दक्षिण अफ्रीका से शुरू की थी, तो वहां के आर्क बिशप डेस्मंड टूटू ने गांधी की कर्मभूमि बिहार में आकर छोटी उम्र में शादी के खिलाफ मुहिम की शुरूआत की।

नोबेल पुरस्कार से सम्मानित इस समाजसेवी की बाल विवाह विरोधी मुहिम में आयरलैंड की पूर्व राष्ट्रपति मैरी राबिंसन, नार्वे की पूर्व प्रधानमंत्री ग्रो ब्रंटलैंड और समाज सेविका इला भट्ट उनका हाथ बंटा रही हैं। ये सभी नेल्सन मंडेला की अंतरराष्ट्रीय संस्था 'द एल्डर्स' में हैं। टूटू इस संस्था के अध्यक्ष हैं।

दुनिया भर में हर साल एक करोड़ से अधिक बच्चियां कच्ची उम्र में ब्याह दी जाती हैं और इनमें से एक तिहाई मामले भारत के होते हैं। देश में भी बिहार इस मामले में सभी राज्यों से आगे है, जहां करीब 67 प्रतिशत लड़कियों की शादी 18 साल से पहले हो जाती है। इस लिहाज से बिहार में दुनिया के सबसे ज्यादा बाल विवाह होते हैं।

चारों 'बड़े' [द एल्डर्स के सदस्य] पटना से करीब 60 किलोमीटर दूर स्थित फुलपुरा गांव का दौरा करने के बाद पत्रकारों से मुखातिब हुए। टूटू कहते हैं कि जिस प्रकार गांव के बड़े सभी समस्याओं पर नजर रखते हैं, उसी प्रकार एल्डर्स विश्व के सभी मसलों का हल निकालना अपनी जिम्मेदारी समझता है।

इथोपिया के बाद हम भारत के दौरे पर आए हैं। रंगभेद नीति के खिलाफ लड़ाई की तरह ही इस समस्या से विश्व को निजात दिलाना हमारा संकल्प है।

इला भट्ट ने कहा कि मिलिनियम डेवलपमेंट गोल [एमडीजी] के आठ में से पहले छह लक्ष्य महिलाओं के कल्याण से जुड़े हैं।

नार्वे की पूर्व प्रधानमंत्री ब्रंटलैंड ने कच्ची उम्र की शादी का पुरजोर विरोध करते हुए कहा कि एक डाक्टर ही हैसियत से मैं कह सकती हूं कि पूरी तरह से विकसित शरीर को ही बच्चे पैदा करने चाहिए। आयरलैंड की पूर्व राष्ट्रपति राबिंसन ने कहा कि भारत में सकारात्मक रुझान देखने को मिले हैं। बिहार का अनुभव मेरे लिए सुखद रहा है। आगामी रूपरेखा के लिए दिल्ली में 8-9 फरवरी को इनके साथ एक बैठक होगी।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति